Home Raipur95% का लक्ष्य, फुटपाथ के बैग व्यापारी का अनोखा मिशन

95% का लक्ष्य, फुटपाथ के बैग व्यापारी का अनोखा मिशन

by Niraj Tiwari

शिक्षा को बढ़ावा देने अपनी ओर से प्रयासरत एहसान

रायगढ़। शहर के चांदनी चौक निवासी,फुटपाथ पर बैग का व्यवसाय करने वाले मो.एहसान केवल सामान नहीं बेचते,बल्कि बच्चों के सपनों को दिशा भी देते हैं। उनकी मार्केटिंग जितनी अलग है,उतनी ही प्रेरणादायक भी। टाउनहॉल के पास दुकान लगाने वाले एहसान भाई ने अपने कारोबार को शिक्षा से जोड़ते हुए एक अनोखी पहल शुरू की है।

जब भी कोई बच्चा उनसे स्कूल बैग खरीदने आता है, तो वे उसे एक खास चैलेंज देते हैं परीक्षा में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने का। इस लक्ष्य को हासिल करने वाले बच्चों को एहसान भाई उनकी पसंद का नया स्कूल बैग इनाम में देते हैं, साथ ही उस पर पूरे साल की गारंटी भी रहती है। उनका मानना है कि छोटे-छोटे प्रोत्साहन बच्चों के भीतर बड़ी प्रेरणा जगा सकते हैं।

 इसी पहल की एक खूबसूरत मिसाल सामने आई,जब शहर के पीएम श्री नटवर विद्यालय की कक्षा चौथी की छात्रा कु.नमामि तिवारी ने यह चुनौती स्वीकार की। 4 मई को घोषित परीक्षा परिणाम में नमामि ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल अपने परिवार का,बल्कि एहसान भाई का भी मान बढ़ाया। परिणाम मिलते ही नमामि अपने दादाजी के साथ सीधे एहसान भाई की दुकान पहुंची। हाथ में रिजल्ट और चेहरे पर चमकती मुस्कान देखकर एहसान भाई तुरंत समझ गए कि उनकी चुनौती पूरी हो चुकी है। उन्होंने नन्ही छात्रा को शाबाशी दी, उसका हौसला बढ़ाया और वादे के मुताबिक उसकी पसंद का स्कूल बैग उपहार में भेंट किया। अब तक लगभग आधे दर्जन से अधिक बच्चों को उन्होंने बैग गिफ्ट से पुरस्कृत किया है। फुटपाथ पर कारोबार करने वाले इस बड़े दिल के इंसान का बच्चों के प्रति लगाव और शिक्षा के प्रति उनका समर्पण समाज के लिए मिसाल बनता जा रहा है। उनकी यह पहल न केवल बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर रही है,बल्कि अभिभावकों के दिल में भी उनके प्रति सम्मान और सराहना बढ़ा रही है। मो. एहसान का यह छोटा सा प्रयास यह साबित करता है कि बदलाव लाने के लिए बड़े मंच की नहीं, बड़े दिल और सच्ची नीयत की जरूरत होती है।

You may also like