रायगढ़। नगर निगम क्षेत्र स्थित प्रियदर्शी बाबा ऑडिटोरियम में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा से नारी शक्ति द्वारा रैली निकालकर की गई। यह रैली नारेबाजी करते हुए ऑडिटोरियम पहुंची, जहां पहुंचकर यह एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई।

आडिटोरियम में सभा की शुरुआत भारत माता की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। जिसके बाद राज्य गीत, राष्ट्र गीत वन्दे मातरम् और सरस्वती वंदना का गायन किया गया। कार्यक्रम के दौरान युगल नृत्य भी किया गया। सम्मेलन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली, जिससे आयोजन का महत्व और भी बढ़ गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुजाता सुखलाल चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान एवं सभापति डिग्री लाल साहू ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कर महिला सम्मेलन को समर्थन दिया। अपने उद्बोधन में शिखा गबेल ने नरेन्द्र मोदी द्वारा लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के निर्णय की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि नारी में सृजन और विनाश दोनों की शक्ति होती है, इसलिए समाज में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मी राम कच्छप ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। सम्मेलन ने महिलाओं के सशक्तिकरण और जागरूकता को एक नई दिशा देने का कार्य किया।