रायगढ़। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, स्वास्थ्य विभाग और नवसृजन शिक्षा एवं जन सेवा समिति रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में संचालित स्वास्थ्य सशक्तिकरण श्रृंखला ‘आरोग्य दीप 2.0’ के अंतर्गत ग्राम कोड़केल में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर चर्म एवं त्वचा रोग का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 81 लोगों ने अपनी त्वचा संबंधी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या शर्मा ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। साथ ही सभी मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उनके गांव के निकट उपलब्ध कराना था।कार्यक्रम को सफल बनाने में नवसृजन टीम के दुर्गा शंकर नायक, दीपा सिंह, जमुना भगत और रूपेश गुप्ता का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा ग्राम कोड़केल की सरपंच चंद्रावती सिदार और प्राथमिक शाला के शिक्षक रामधन मलाज ने भी शिविर के आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।