Home Raipur कांग्रेस की पत्रकार वार्ता: सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप

कांग्रेस की पत्रकार वार्ता: सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप

by Niraj Tiwari

रायगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने आज एक पत्रकार वार्ता में नगरीय निकाय चुनाव से जुड़े गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष द्वारा कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों को डराकर और दबाव डालकर उनके नाम वापसी करवाए गए। 

       जिला अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने बताया कि नाम वापसी के अंतिम दिन कांग्रेस के प्रत्याशियों को खरीदने और धमकाने की खबरें सामने आईं। इसके बाद उन्होंने खुद निर्वाचन कार्यालय जाकर स्थिति का जायजा लिया, जहां सत्ता पक्ष के लोग कांग्रेस प्रत्याशियों पर नाम वापसी का दबाव बना रहे थे। अनिल शुक्ला ने यह भी आरोप लगाया कि इस दबाव में दो पार्षद प्रत्याशियों ने नाम वापसी की, जिनमें वार्ड 18 की प्रत्याशी शीला साहू और वार्ड 45 के प्रत्याशी गिरी लाल सारथी शामिल हैं। शुक्ला ने कहा कि शीला साहू ने अपने पति की स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए नाम वापसी की, जबकि गिरी लाल सारथी को सत्ता पक्ष की राजनीति का शिकार होना पड़ा।

अनिल शुक्ला ने पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने प्रत्याशियों पर दबाव बनाने का काम किया। इस पूरे घटनाक्रम की जांच करने की बात कांग्रेस ने कही है और कहा कि यदि सत्ता पक्ष के किसी भी प्रकार के दबाव और लेन-देन के प्रमाण मिले तो निर्वाचन आयोग से शिकायत की जाएगी। शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ इस तरह की गतिविधियाँ निंदनीय हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मांग की कि बिना चुनावी प्रक्रिया के किसी भी प्रत्याशी को निर्विरोध विजेता घोषित न किया जाए और सभी मतदाताओं को नोटा का अधिकार मिलना चाहिए। अंत में शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाएगी और सभी प्रत्याशियों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।

बाइट – अनिल शुक्ला जिला अध्यक्ष कांग्रेस

You may also like