Home Raipur मां मंगला इस्पात में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों ने लिया लाभ

मां मंगला इस्पात में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों ने लिया लाभ

by Niraj Tiwari

रायगढ़। जिले के नटवरपुर स्थित मां मंगला इस्पात परिसर में 13 मार्च को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अपोलो अस्पताल बिलासपुर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ग्रामीणों और कंपनी कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।

आयोजित शिविर में नटवरपुर और आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इसके साथ ही कंपनी के अधिकारी और कर्मचारियों ने भी अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई और डॉक्टरों से जरूरी सलाह ली। शिविर में सामान्य रोगों की जांच के साथ-साथ बीपी, शुगर, सांस संबंधी समस्याएं, दमा तथा चर्म रोगों की विशेष रूप से जांच की गई।


विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. नंदार गोपे ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां के लोगों में बीपी, शुगर, सांस से जुड़ी बीमारियां और त्वचा रोग के मरीज अधिक पाए जा रहे हैं। ऐसे मरीजों को चिन्हांकित कर उनका उपचार किया जा रहा है तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम ने मरीजों को नियमित जांच कराने, संतुलित आहार लेने और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह भी दी। शिविर के दौरान कंपनी प्रबंधन की ओर से आए सभी डॉक्टरों का पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। प्रबंधन ने कहा कि मां मंगला इस्पात हमेशा से सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में अग्रणी रहा है। कंपनी समय-समय पर क्षेत्र के लोगों के लिए विभिन्न सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। प्रबंधन ने आगे भी ऐसे शिविरों का आयोजन करते रहने की बात कही, ताकि कंपनी के कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और वे स्वस्थ जीवन जी सकें।

You may also like