Home Raigarh जर्जर अंबेडकर आवास का छज्जा ढहने से 16 वर्षीय बालक चोटिल

जर्जर अंबेडकर आवास का छज्जा ढहने से 16 वर्षीय बालक चोटिल

by Niraj Tiwari

नगर निगम द्वारा बनाए गए आवास और दुकान काम्प्लेक्स का बुरा हाल

रायगढ़। नगर निगम अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 36 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बनाए गए अंबेडकर आवास के छत का बाउंड्रीवाल भरभरा कर गिर गया। इस घटना से छज्जा के नीचे दुकान में बैठा 16 वर्षीय एक बालक घायल हो गया। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। यह स्थिति आवास आवंटन के बाद मरम्मत नहीं किए जाने के कारण हुई है। स्थानीय लोग उक्त आवास में व्यवस्था नहीं होने की बात को लेकर शहर सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। नगर निगम के द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर में अंबेडकर आवास का निर्माण कराया गया है।

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अंबेडकर आवास में हेम कुमार जांगड़े अपने परिवार के साथ रहता है। हेम कुमार जांगड़े आटो चालक है। वह मंगलवार की सुबह आटो लेकर अपने काम पर चला गया था। वहीं घर के बाहर ही उनके द्वारा एक छोटी सी दुकान संचालित की जाती है। इस दुकान को उसकी पत्नी व 16 वर्षीय बेटा आयुष जांगड़े संचालित करते है। सुबह करीब 9 बजे आयुष दुकान में बैठा था। इसी बीच उनके आवास के छत पर बना बाउंड्रीवाल भरभरा कर गिर गया। इससे वह उक्त बाउंड्रीवाल के मलबे की चपेट में आकर घायल हो गया। मामले की जानकारी जब आसपास के लोगों को लगी तो वे तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल आयुष को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। परिजनों का कहना है कि प्रारंभिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, लेकिन अंदरुनी चोट की आशंका को लेकर सीटी स्केन कराने की सलाह दी गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मरम्मत की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन नगर निगम के द्वारा उक्त आवास का मरम्मत नहीं कराया जा रहा है। उनका कहना है कि शिकायत लेकर जाने पर विभागीय अधिकारियों से यह जवाब मिलता है कि मकान उन्हें दे दिया गया है, अब मेंटेनेंस की जिम्मेदारी वहां रहने वाले लोगों की है।

क्या कहते हैं पार्षद

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अंबेडकर आवास में हादसा होने की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचा था। घायल बालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। अंबेडकर आवास के मकानों की स्थिति काफी खराब है। इसका मरम्मत कराया जाना आवश्यक है।

विनोद महेश

 पार्षद वार्ड नंबर 36

You may also like