सेवा ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति" : लायंस क्लब के शपथ ग्रहण समारोह में गूंजा सामाजिक परिवर्तन का संकल्प

एसएसपी शशिमोहन सिंह की सोशल पुलिसिंग की नई पहल ने जीता दिल
महापौर जीवर्धन चौहान की मौजूदगी में नए पदाधिकारियों ने ली सेवा की शपथ

रायगढ़। शहर के होटल अंश में बीते रविवार को आयोजित लायंस क्लब मिड टाउन परिवार रायगढ़ के तीनों विंग का संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह केवल पदभार ग्रहण का औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि समाज सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनसहभागिता के नए संकल्पों का प्रेरक मंच बन गया। नगर महापौर जीवर्धन चौहान के मुख्य आतिथ्य तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी शशिमोहन सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित इस समारोह में लायंस क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का विश्वास व्यक्त किया।

समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए अध्यक्ष समाजसेवी शिवशंकर अग्रवाल,सचिव अमित मोदी तथा कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल सहित नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण करते हुए समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने लायंस क्लब की सेवा गतिविधियों और उसके वैश्विक विजन की मुक्तकंठ से सराहना की।

"सामूहिक प्रयासों से यादगार रहा कार्यकाल" - मोडा


निवर्तमान अध्यक्ष रामनिवास मोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि क्लब के सभी सदस्यों के सहयोग से बीता कार्यकाल अनेक उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने गोल्डन जुबली समारोह के सफल आयोजन,मोतियाबिंद ऑपरेशन अभियान,जरूरतमंदों को भोजन एवं शिक्षा सामग्री वितरण तथा विशाल रक्तदान शिविर जैसी प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि नई टीम इन कार्यों को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सभी सदस्य इसी तरह एकजुट होकर कार्य करते रहे तो लायंस क्लब हर वर्ष सफलता का नया अध्याय लिखता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन लायन संजय अग्रवाल कार्ड ने प्रभावी ढंग से किया।

रायगढ़ मेरी आत्मा है : सुनील रामदास


प्रखर समाजसेवी,भाजपा नेता एवं उद्योगपति सुनील रामदास ने लायंस क्लब को समाजहित के कार्यों की मजबूत आधारशिला बताते हुए कहा कि भले ही उनका आशियाना अब रायपुर में हो,लेकिन उनकी आत्मा आज भी रायगढ़ में बसती है। उन्होंने शहर के सुनियोजित विकास के लिए जिला प्रशासन से गंभीर प्रयास करने का आग्रह किया तथा क्लब में महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित कर समाज सेवा के दायरे को और व्यापक बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन - प्रशासन द्वारा समाजहित में चलाए जाने वाले प्रत्येक अभियान में लायंस क्लब त्वरित और अपेक्षित सहयोग देगा।

महफिल लूट ले गए एसएसपी शशिमोहन सिंह


समारोह में कई प्रभावशाली वक्ताओं ने अपने विचार रखे,लेकिन सादे परिधान में पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह का संबोधन पूरे कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और विचारोत्तेजक क्षण बन गया। उनके वक्तव्य के दौरान सभागार बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। करीब ढाई दशक की पुलिस सेवा और 18 स्थानांतरणों का अनुभव साझा करते हुए एसएसपी ने कहा कि समाज में बढ़ती नशाखोरी,जुआ सट्टा,किशोर अपराध,असामाजिक गतिविधियां और नैतिक मूल्यों के क्षरण के पीछे केवल कानून व्यवस्था नहीं,बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्वों की उपेक्षा भी बड़ी वजह है।उन्होंने कहा कि यदि समाज जागरूक होकर पुलिस का साथ दे तो अपराधों पर कहीं अधिक प्रभावी नियंत्रण संभव है।

हर वार्ड में बनेगी सात सदस्यीय सोशल पुलिसिंग टीम


एसएसपी ने बताया कि रायगढ़ में शीघ्र ही सोशल पुलिसिंग की अभिनव पहल शुरू की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में सात सदस्यीय सामाजिक निगरानी दल गठित होगा। हर वार्ड में शिकायत पेटी तथा पुलिस अधीक्षक का व्हाट्सएप नंबर सार्वजनिक किया जाएगा,ताकि नागरिक सीधे पुलिस प्रशासन को नशाखोरी,जुआ, असामाजिक गतिविधियों और अपराध संबंधी गोपनीय जानकारी उपलब्ध करा सकें।उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आ चुके किशोरों और युवाओं को पुनर्वास केंद्र भेजकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक वापस लाना भी होगा। इसके लिए समाज के सक्षम वर्ग से सहयोग निधि तैयार करने की आवश्यकता पर भी उन्होंने बल दिया।

आगामी 4 जुलाई को होगी सामाजिक मंथन की बड़ी पहल


एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जानकारी दी कि आगामी 4 जुलाई को बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में समाज के प्रबुद्ध,सक्रिय एवं सक्षम नागरिकों की सहभागिता से एक व्यापक सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें सोशल पुलिसिंग अभियान को अंतिम स्वरूप दिया जाएगा।अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने अविभाजित मध्यप्रदेश के भोपाल से लेकर छत्तीसगढ़ के रायपुर,राजनांदगांव,जशपुर और अब रायगढ़ तक की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा,जहां भी रहा, वहां की जनता ने मुझे अपने दिल में जगह दी, और जो दिलों में रहते हैं, उन्हें भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने पुलिस को समाज की संवेदनशील संरक्षक शक्ति बताते हुए कहा कि अपराध से लड़ाई केवल पुलिस की नहीं,बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनका संवेदनशील और दूरदर्शी संबोधन समारोह का सबसे चर्चित विषय बन गया। क्लब के अलावा दर्शक दीर्घा से भी उन्हें सपत्नीक भरपूर सराहना मिली।शपथ अधिकारी पवन मल्लिक,विशिष्ट अतिथि शैलेश अग्रवाल और पास्ट प्रेसिडेंट ओमी अग्रवाल ने भी नई कार्यकारिणी को अपनी शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर बड़ी संख्या मे नए सदस्यों ने भी लॉयंस क्लब की सदस्यता ग्रहण की। समारोह का समापन समाज सेवा के नए संकल्प,संगठनात्मक एकता और रायगढ़ को अधिक सुरक्षित, जागरूक एवं संवेदनशील बनाने के सामूहिक विश्वास तथा लज़ीज व्यंजनों के लुत्फ़ के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *