Home Raipur श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहादत वर्ष पर व्याख्यान कार्यक्रम

श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहादत वर्ष पर व्याख्यान कार्यक्रम

by Niraj Tiwari

रायगढ़। 350वीं शहादत वर्ष स्मृति समिति’ के तत्वावधान में आज नगर निगम स्थित संत प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहादत वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों तथा सिख समाज के लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गुरु तेग बहादुर जी के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी रही, जिसने उपस्थित जनों को उनके त्याग और बलिदान से परिचित कराया। दोपहर 3:30 बजे प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में उनके जीवन, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र के सह क्षेत्र प्रचारक प्रेम शंकर सिदार ने अपने संबोधन में कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान केवल किसी एक धर्म के लिए नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता और धर्म की रक्षा के लिए था।

उन्होंने ‘हिंद की चादर’ के रूप में गुरु साहब की महान भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि उनके आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं मार्गदर्शन समर्पण सेवा समिति, रायगढ़ द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री गुरु सिंह सभा रायगढ़ के अध्यक्ष महेंद्र राजपाल, प्रो. महेंद्र खनूजा, ज्ञानी हरपाल सिंह तथा डॉ. प्रकाश मिश्रा जिला संघचालक, रायगढ़ मंच पर उपस्थित रहे। अंत में गुरु साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज में एकता, सद्भाव और राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया गया।

You may also like