रायगढ़। छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रभारी नितिन नवीन के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर रायगढ़ जिला भाजपा कार्यालय में मंगलवार को उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। दोपहर बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।

इस अवसर पर रायगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान, महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मधुलता पटेल भी महिला पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं। सभी ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने को पार्टी के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां वंशवाद की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की मेहनत, लगन और समर्पण को देखकर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं।

इसी परंपरा के तहत आज देश को राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू मिलीं और अब नितिन नवीन जैसे जमीनी कार्यकर्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि भाजपा हमेशा जनता के हित में काम करने वाली पार्टी रही है। संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर किए गए कार्यों का ही परिणाम है कि आज भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी। कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को छत्तीसगढ़ के लिए भी गर्व का विषय बताया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और भाजपा जिंदाबाद के नारों के साथ हुआ।