रायगढ़। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सीएसआर के तहत संचालित स्वास्थ्य सशक्तिकरण श्रृंखला के अंतर्गत आरोग्य दीप 2.0 कार्यक्रम में तीसरे विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन 22 मार्च 2026 को आदर्श ग्राम्य भारती स्कूल, मिलूपारा में किया गया। यह शिविर नवसृजन शिक्षा एवं जन सेवा समिति रायगढ़, स्वास्थ्य विभाग तथा ग्राम पंचायत मिलूपारा के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।

इस स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों को सेवाएं प्रदान कीं। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रांजल सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. घनेंद्र कुमार वर्मा तथा औषधि विशेषज्ञ डॉ. तोषण पटेल ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में मिलूपारा सहित आसपास के गांवों—बालजोर, लालपुर, मड़वाडुमर, बांझीखोल और सक्ता—से कुल 123 लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान मरीजों की बीपी और शुगर की जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और लोगों को जागरूक करना रहा। इस आयोजन में सरपंच श्री उद्धव भगत, स्कूल के प्राचार्य विश्वनाथ गुप्ता एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। वहीं नवसृजन संस्था से किशोर पटनायक, दुर्गा शंकर नायक, प्रशांत प्रधान, भंजनी गुप्ता, जमुना भगत, दीपा सिंह तथा मितानिन सेवती सिदार ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
