रायगढ़। शहर की कृष्णा विहार कॉलोनी में रविवार को गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर ध्वजारोहण एवं वार्षिक खेल उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9.30 बजे ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक खेल उत्सव का आयोजन किया गया। इस आयोजन में कॉलोनी के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

वार्षिक खेल दिवस के अंतर्गत कई रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का आयोजन किया गया। इनमें दौड़ प्रतियोगिता, रिले रेस, पोटैटो रेस, महिला एवं पुरुष वर्ग की विशेष प्रतियोगिताएं, रस्साकसी, मानसिक गणित प्रतियोगिता और क्रिकेट मैच प्रमुख रहे। खेलों के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह देखते ही बनता था और दर्शकों ने तालियों व जयकारों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

महिला प्रतिभागियों के लिए अलग से प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। बच्चों के लिए आयोजित खेलों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। वहीं, मानसिक गणित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता देखने को मिली।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए वालेंटियरों की अहम भूमिका रही। पुरुष वालेंटियर के रूप में अभिषेक शर्मा, अशोक शर्मा, अनुज बिर्मीवाल को चयनित किया गया, जबकि महिला वालेंटियर में रजनी शर्मा और मिनाक्षी शर्मा ने जिम्मेदारी निभाई। सभी वालेंटियरों ने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में सक्रिय सहयोग किया।

अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया और कॉलोनीवासियों ने ऐसे आयोजनों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और स्वस्थ जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण बताया। कृष्णा विहार कॉलोनी में आयोजित यह खेल दिवस सभी के लिए यादगार रहा।
