Home Raipur समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरोग्य दीप-2.0 कार्यक्रम

समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरोग्य दीप-2.0 कार्यक्रम

by Niraj Tiwari

रायगढ़।  जिले में समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरोग्य दीप-2.0 कार्यक्रम की प्रभावी शुरुआत की गई। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सीएसआर सहयोग एवं नव सृजन शिक्षा एवं जन सेवा समिति, रायगढ़ के समन्वय से आयोजित इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी समुदायों को शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ 7 जनवरी 2026 को आदर्श ग्राम्य भारती स्कूल, मिलूपारा में आयोजित समारोह में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य बंशीधर चौधरी ने की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में विभिन्न पंचायतों के सरपंच एवं उपसरपंच उपस्थित रहे। हिंडाल्को से सीएसआर हेड रंजन नाग सहित शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मितानीन एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम के तहत मानसिक स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता दी गई। विशेषज्ञ दुर्गा शंकर नायक ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव, अवसाद एवं चिंता की पहचान और उनके समाधान पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही किशोरों में बढ़ते मानसिक तनाव, सोशल मीडिया की लत, पारिवारिक दबाव और नशे की प्रवृत्ति जैसे मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाई गई।

“आरोग्य दीप-2.0” के अंतर्गत 9 उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें से 5 विद्यालयों में हुए। इन कार्यक्रमों में लगभग 300 विद्यार्थियों और 350 ग्रामीणों ने भाग लिया। समूह चर्चा, परामर्श और खेल गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। यह पहल न केवल उपचार तक सीमित है, बल्कि एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

You may also like