रायगढ़। शहर के प्रमुख चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में इन दिनों कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित शुक्ला के स्वास्थ्य संबंधी कारणों से पिछले 6-7 माह से अवकाश पर रहने के चलते थाना बिना स्थायी प्रभारी के संचालित हो रहा है। इसका असर क्षेत्र की व्यवस्था पर साफ दिखाई दे रहा है।

जब निरीक्षक अमित शुक्ला ने चक्रधर नगर थाने का प्रभार संभाला था, तब उन्होंने अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए थे। चौक-चौराहों पर बैठकर शराबखोरी करने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्ती बरती गई थी, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी पर काफी हद तक रोक लग गई थी। उस दौरान शहर के प्रमुख सिग्नल चौक समेत अन्य स्थानों पर शाम के समय शांति का माहौल रहता था।हालांकि उनके अवकाश पर जाने के बाद स्थिति फिर से बिगड़ती नजर आ रही है। सिग्नल चौक एक बार फिर शराबियों की पहली पसंद बन गया है। शाम ढलते ही बड़ी संख्या में लोग यहां जुटने लगते हैं और खुलेआम शराबखोरी करते दिखाई देते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौक के पास स्थित नगर निगम की दुकान के संचालक ग्राहकों को वहीं बैठकर शराब पीने की छूट देते हैं, जिससे यह स्थान अड्डे में तब्दील हो गया है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही इस पर रोंक लगाने के लिए फिर से अमित शुक्ला की तरह हाथ में लाठी रखने वाले जिम्मेदार थानेदार की नियुक्ति कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कानून व्यवस्था पुनः पटरी पर लौट सके।