Home Raipur बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन टायर प्लांट में बड़ा हादसा, 7 लोग झुलसे, हालत गंभीर

बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन टायर प्लांट में बड़ा हादसा, 7 लोग झुलसे, हालत गंभीर

by Niraj Tiwari

रायगढ़। खरसिया विकासखंड के बानीपाथर गांव में स्थित मंगल कार्बन टायर प्लांट में गुरुवार को एक गंभीर औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट में लगे दो बॉयलरों में से छोटे बॉयलर में अचानक हुए विस्फोट में 6 महिला-पुरुष श्रमिकों सहित एक 6 माह की मासूम बच्ची बुरी तरह झुलस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार घटना सुबह 10 बजे की बताई जा रही है घटना की सूचना मिलने पर घायलों को तत्काल खरसिया से रायगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिंदल अस्पताल भेज दिया गया। स्थिति काबू नहीं होने पर सभी घायलों को रायपुर रेफर कर दिया गया। घायलों में इंदेवर सारथी, प्रिया सारथी निवासी ठाकुर दीया, खरसिया, साहबलाल खड़िया, कौशल पटेल, शिव खड़िया, भूमि खड़िया एवं उदासिनी खड़िया निवासी राजघट्टा, खरसिया शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि यह प्लांट खरसिया निवासी अविनाश गर्ग का है, जहां पुराने टायरों को पिघलाकर उससे कार्बन निकाला जाता है। इस कार्बन का उपयोग डामर बनाने और तेल का उपयोग सड़क पर छिड़काव के लिए किया जाता है, जबकि बचा हुआ लोहे का तार कबाड़ के रूप में बेचा जाता है। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि प्लांट में मजदूरों की सुरक्षा के साथ खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। प्लांट अधिनियम के नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है और बिना पीएफ व ईएसआईसी के श्रमिकों से काम कराया जा रहा है। मंगल कार्बन टायर प्लांट में भी दर्जनों श्रमिक काम करते हैं नियमानुसार उनका गेटपास, सुरक्षा किट, दुर्घटना बीमा, बनाया जाना चाहिए लेकिन इस प्लांट में ऐसी कोई व्यवस्था श्रमिकों को नहीं दी गई है। हादसे के बाद प्रशासन और श्रम विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। 

You may also like