Home Raipur राजस्व वसूली बढ़ाने निगम आयुक्त का सख्त निर्देश 

राजस्व वसूली बढ़ाने निगम आयुक्त का सख्त निर्देश 

by Niraj Tiwari

रायगढ़। शहर में मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। समय-सीमा की बैठक में आयुक्त ब्रिजेश सिंह क्षत्रिय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नियमित और सतत अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान आयुक्त ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए राजस्व वसूली की स्थिति पर विशेष जोर दिया। राजस्व शाखा के अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप वसूली तेज करने, बकायादारों की सूची तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा मैदानी स्तर पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण निगम के विकास कार्यों की आधारशिला है, इसलिए सभी अधिकारी गंभीरता से लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें। वार्ड स्तर पर टैक्स वसूली के लिए विशेष शिविर लगाने की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया।

आयुक्त ने नगर निगम कार्यालय से सुभाष चौक, महात्मा गांधी प्रतिमा चौक, स्टेशन चौक, घड़ी चौक, हंडी चौक, केवड़ा बाड़ी बस स्टैंड, ढिमरापुर रोड, चक्रधर नगर चौक, पंजरी प्लांट आडिटोरियम चौक सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों का नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। बैठक में 100 से अधिक लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई तथा मुख्यमंत्री और कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

You may also like