रायगढ़। नगर निगम क्षेत्र में पिछले चार माह से पेंशन राशि का भुगतान नहीं होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने लंबित पेंशन राशि शीघ्र जारी कराने की मांग की। उनका कहना है कि केंद्र से राशि आवंटित नहीं होने के कारण हजारों हितग्राही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और उनके सामने रोजमर्रा के खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कुल 7,848 हितग्राही विभिन्न पेंशन योजनाओं से जुड़े हैं। इनमें राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के तहत 80 वर्ष से अधिक तथा 60 से 79 वर्ष आयु वर्ग के 3,804 लाभार्थी शामिल हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 742, दिव्यांग पेंशन के 61, सुखद सहारा योजना के 1,465, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 1,565 तथा मुख्यमंत्री पेंशन योजना के 211 हितग्राही भी पिछले चार माह से भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार द्वारा योजनाओं का अंश जारी नहीं किए जाने से भुगतान बाधित है। राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अंतर्गत परिवार के मुखिया की मृत्यु पर मिलने वाली 20 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रभावित बताई गई है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर लंबित राशि जारी कराने की मांग की, ताकि जरूरतमंद वृद्ध, विधवा और दिव्यांगों को राहत मिल सके।
कलेक्टर को समस्याओं से रूबरू कराने के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव, ग्रामीण अध्यक्ष नागेंद्र नेगी, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया , विकास ठेठवार, अक्षय कुलदीप, वसीम खान, विकास शर्मा, राकेश पांडेय प्रदेश पदाधिकारी, मुरारी भट्ट, दयाराम धुर्वे, बरखा सिंह, आशीष चौबे, संजुक्ता सिंह, यशोदा कश्यप, बिनु बेगम, दीनानाथ देवांगन, प्रवेश दास, संदीप अग्रवाल, लोकेश साहू, अज्ञात खुशीराम मल्होत्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता पदाधिकारी मौजूद रहे।