रायगढ़। केंद्रीय श्रम संगठनों के संयुक्त मंच द्वारा चार श्रम संहिताओं एवं केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में आहूत आम हड़ताल के समर्थन में ट्रेड यूनियन काउंसिल रायगढ़ ने गुरुवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे जीवन बीमा कार्यालय रायगढ़ के समीप संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न बिरादराना संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई नई श्रम संहिताओं को मजदूर हितों के खिलाफ बताते हुए इसे श्रमिक अधिकारों पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि नई नीतियों से श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, नौकरी की स्थिरता और ट्रेड यूनियनों की शक्ति कमजोर होगी। वक्ताओं ने मजदूर वर्ग से एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

ट्रेड यूनियन काउंसिल के प्रतिनिधियों ने आम हड़ताल को सफल बनाने के लिए सभी श्रमिक संगठनों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और श्रमिक एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में ट्रेड यूनियन काउंसिल रायगढ़ के उपाध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने श्रमिक विरोधी नीतियों को वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।