तिरंगा यात्रा सहित अनेक कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा
रायगढ़। जिला भाजपा कार्यालय रायगढ़ में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने हेतु एक मंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिला महामंत्री सतीश बेहरा और वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश जैन उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


कार्यशाला में रायगढ़ शहर मंडल के विभिन्न पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस दौरान शहर में तिरंगा यात्रा निकालने, हर बूथ स्तर पर घर-घर तिरंगा लगाने, नुक्कड़ सभाओं के आयोजन तथा सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय बनाकर तिरंगा फहराने जैसे कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। भाजपा नेताओं ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह जन-जन में देशभक्ति की भावना जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है। सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ें और हर घर में तिरंगा फहराने हेतु प्रेरित करें।

कार्यशाला में यह भी निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त के पूर्व नगर के मुख्य मार्गों से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें कार्यकर्ता पारंपरिक परिधानों के साथ भाग लेंगे। अंत में, एक देशभक्ति कविता के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ किया गया “राष्ट्रभक्ति की अलख जगा दो, हर दिल हर इंसान में। घर-घर में फहरा दो तिरंगा, भारत माँ की शान में। भाजपा रायगढ़ द्वारा यह पहल आगामी स्वतंत्रता दिवस को जन उत्सव में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।