Home Raipur दंपति से मारपीट के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार  

दंपति से मारपीट के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार  

by Niraj Tiwari

रायगढ़। रेलवे स्टेशन के बाहर महिला एवं उसके पति से मारपीट की घटना में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। 

मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित दंपत्ति की तलाश शुरू की। पूछताछ में पीड़ित पवन यादव ने बताया कि वह रायपुर से अपनी पत्नी पूजा यादव और दो बच्चों के साथ गुब्बारा बेचनें रायगढ़ आया था। 12 फरवरी 2026 की रात करीब 7 बजे स्टेशन के बाहर मोटर पार्किंग के सामने भोजन बनाते समय कुछ युवकों ने गिलास मांगा। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पहले उसकी पत्नी से मारपीट की और बीच-बचाव करने पर उसे भी पीटा। पुलिस ने मामले में शशि कुमार पासवान, राकेश कुमार पासवान, रोशन भारती उर्फ पप्पू एवं पप्पू पासवान को गिरफ्तार किया है। पीड़ितों ने चारों की पहचान की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थल पर महिला से दुर्व्यवहार और गुंडागर्दी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

You may also like