सारंगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने “एक पेड़ मां के नाम” थीम के तहत बिलाईगढ़ विकासखंड स्थित उद्यानिकी रोपणी पेंड्रावन में पौधारोपण किया। उन्होंने यह पौधा अपनी माता श्रीमती पदमा कन्नौजे के नाम पर लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है और प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए इसे एक प्रेरणादायक पहल बताया। कार्यक्रम में बिलाईगढ़ एसडीएम वर्षा बंसल, जनपद पंचायत के सीईओ प्रतीक प्रधान, सरसीवा तहसीलदार आयुष तिवारी एवं रोपणी पेंड्रावन के अधीक्षक मुकुंद भगत भी उपस्थित रहे। रोपणी परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कलेक्टर ने रोपणी परिसर की हरियाली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना ही नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जिम्मेदारी को भी बढ़ावा देना था।
