Home Raipur होली त्यौहार में होटल बिगाड़ सकते हैं स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा विभाग मुस्तैद 

होली त्यौहार में होटल बिगाड़ सकते हैं स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा विभाग मुस्तैद 

by Niraj Tiwari

रायगढ़। होली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रायगढ़ और घरघोड़ा क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। त्योहार के दौरान मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। रायगढ़ में चावला रेस्टोरेंट, अलंकार रेस्टोरेंट, जेके मिक्सचर और बालाजी मिक्सचर की जांच की गई। 

 निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण, गुणवत्ता और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। इसी क्रम में घरघोड़ा स्थित रूपा रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया, जहां से काजू बर्फी और खोवा पेड़ा के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं पर संबंधित प्रतिष्ठानों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया और निर्धारित समय सीमा में सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं होली के मद्देनजर पूजा रेस्टोरेंट, श्याम होटल, मोना रेस्टोरेंट और राजपूत रेस्टोरेंट, घरघोड़ा में जांच के दौरान कालातीत खाद्य सामग्री पाई गई।

अधिकारियों ने मौके पर ही उक्त सामग्री को नष्ट कराते हुए संचालकों को कड़ी चेतावनी दी तथा नोटिस जारी किया। इस कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुधा चौधरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल तथा लैब टेक्नीशियन अमित साहू उपस्थित रहे। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान शुद्ध एवं ताजा खाद्य सामग्री ही खरीदें और किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर विभाग को सूचित करें।

You may also like