Home Raipur खाद्य सुरक्षा विभाग ने दही विक्रेता के घर मारा छापा, भारी मात्रा में दुग्ध उत्पाद जब्त

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दही विक्रेता के घर मारा छापा, भारी मात्रा में दुग्ध उत्पाद जब्त

by Niraj Tiwari

रायगढ़। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जिले में मिलावट और अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला दुर्ग से रायगढ़ शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध रूप से दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति किए जाने का मामला सामने आया।

सूचना के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QC 8689 के माध्यम से भारी मात्रा में दही एवं कॉटेज एनालॉग लाया जा रहा था। आरोप है कि वाहन चालक एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा 5 एवं 15 किलोग्राम के बंद प्लास्टिक जारों व कनस्तरों में लगे खाद्य लेबल व रैपर से छेड़छाड़ कर ब्रांड बदले जा रहे थे। मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा वाहन को थाना चक्रधर नगर परिसर में लाकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची खाद्य सुरक्षा टीम ने जांच में पाया कि उक्त दुग्ध उत्पाद प्रोपराइटर सोनिया जायसवाल, मेसर्स कस्तूरी डेयरी, छोटे अतरमुड़ा, रायगढ़ द्वारा वैद्य फूड्स प्रोडक्ट्स, शंकर नगर, भिलाई (जिला दुर्ग) से मंगाए गए थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि नंदनम क्लासिक दही के जारों पर वैद्य फूड्स दही का लेबल चिपकाया जा रहा था।

इसके बाद 23 जनवरी 2026 को खाद्य सुरक्षा टीम ने कस्तूरी डेयरी परिसर में छापा मारकर गुणवत्ता व मिलावट की शंका के आधार पर तीन खाद्य नमूने विधिवत संकलित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजे। साथ ही लेबलिंग नियमों के उल्लंघन और गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर कुल 1,285 किलोग्राम दही एवं कॉटेज एनालॉग जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 2,03,750 रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल, शांतनु भट्टाचार्य व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। विभाग ने कहा कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

You may also like