Home Raipur छात्र-युवा हक और रोजगार को लेकर उग्र प्रदर्शन, 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा

छात्र-युवा हक और रोजगार को लेकर उग्र प्रदर्शन, 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा

by Niraj Tiwari


रायगढ़। छात्र-युवा हक और रोजगार के मुद्दों को लेकर एनएसयूआई रायगढ़ जिला इकाई के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिले के विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने “छात्र अधिकार रैली” निकालकर 7 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

oplus_2


रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और पुलिस पर भाजपा, एबीवीपी और आरएसएस का समर्थन करने तथा अन्य छात्र संगठनों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। बड़ी संख्या में जुटे छात्रों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही बेरिकेडिंग, वाटर कैनन और अतिरिक्त सुरक्षा बल की व्यवस्था कर रखी थी। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार कर भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया।


इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आरिफ हुसैन समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को सांकेतिक रूप से गिरफ्तार कर उर्दना पुलिस लाइन भेजा गया। बाद में अपर कलेक्टर प्रियेश टोप्पो ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनका ज्ञापन स्वीकार किया और मांगों को कलेक्टर के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।


छात्रों की प्रमुख मांगों में सभी सरकारी कॉलेजों—डिग्री, कॉमर्स, गर्ल्स कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई—में अनिवार्य प्लेसमेंट सेल का गठन, स्थानीय उद्योगों जैसे एनटीपीसी, अडानी और जिंदल में स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत आरक्षण, कॉलेजों में नियमित कैंपस इंटरव्यू की व्यवस्था और उद्योगों के साथ एमओयू शामिल है। इसके अलावा छात्र संगठनों के कार्यक्रमों पर की जा रही जांच की उच्च स्तरीय जांच, सभी छात्र संगठनों के साथ समान व्यवहार, छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा तथा आईटीआई-पॉलिटेक्निक में सीटें बढ़ाने और नए ट्रेड शुरू करने की मांग भी उठाई गई।


प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर 15 दिनों के भीतर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अगले चरण में जिला बंद, उद्योगों का घेराव और अनशन जैसे कदम उठाने की चेतावनी दी गई है।

You may also like