रायगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित सात उत्सवों में से एक युवा संगम का आयोजन रायगढ़ नगर में वैदिक इंटरनेशनल स्कूल परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में रायगढ़ नगर के 250 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व और पंच परिवर्तन के विचारों को सशक्त करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संघ के प्रांत प्रचारक माननीय अभय राम कुंभकार जी रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में युवाओं को देश प्रेम, सामाजिक चेतना और सेवा भाव का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि आज देश की सबसे बड़ी शक्ति युवा पीढ़ी है, जिसे अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रहित को जीवन का लक्ष्य बनाकर नए भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हमें भारत को उसकी मूल संस्कृति, सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता के साथ सशक्त व निर्भय बनाना है, न कि किसी अन्य देश की नकल करनी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने की। कार्यक्रम में पालक के रूप में माननीय तरुणधर दीवान, कुल सचिव नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय तथा पालक अधिकारी सुजाता साहू, महिला समन्वय सह संयोजिका उपस्थित रहीं।

सुबह 8:30 बजे प्रारंभ होकर शाम 5:30 बजे तक चले इस आयोजन में शाखा के खेल, आसन, व्यायाम, प्रार्थना, चर्चा एवं विचार-विमर्श के सत्र आयोजित किए गए। साथ ही बौद्धिक सत्र एवं जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम भी हुए। भजन संध्या और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दीपक जायसवाल एवं उनकी टीम की प्रस्तुति ने युवाओं में विशेष उत्साह भर दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के गायन के साथ हर्षोल्लास के वातावरण में हुआ।