रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में साइबर सेल और छाल पुलिस की संयुक्त टीम ने डीजल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2000 लीटर चोरी का डीजल और एक छोटा डीजल टैंकर जप्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक को छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हाटी–धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग पर ढोडीखार के पास कुछ व्यक्ति अवैध रूप से डीजल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड की। वहां से तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया, जो टैंकर वाहन क्रमांक BR 09 GC 1865 में डीजल भरकर बिक्री की तैयारी कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विजय कुमार साव उम्र 18 वर्ष, रवि कुमार साव उम्र 28 वर्ष निवासी जिला लखीसराय, बिहार हाल निवासी सिथरा, थाना धरमजयगढ़ तथा टैंकर चालक रजिंत कुमार साव उम्र 38 वर्ष निवासी भिलाई, जिला दुर्ग बताया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी कर तथा सस्ते दामों पर डीजल खरीदकर उसे अलग-अलग स्थानों पर बेचते थे। आरोपियों ने अपने साथी राजेश उर्फ कुरू साव के साथ मिलकर संगठित रूप से यह अपराध करना स्वीकार किया है। प्रकरण में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।