Home Raigarh गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष पर आरएसएस पदाधिकारियों ने गुरुद्वारा में मत्था टेका 

गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष पर आरएसएस पदाधिकारियों ने गुरुद्वारा में मत्था टेका 

by Niraj Tiwari

रायगढ़। सिखों के नौवें गुरु, धर्म एवं मानवाधिकारों की रक्षा के प्रतीक और हिंद की चादर के रूप में विख्यात गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष पर मंगलवार को रायगढ़ स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेक गुरु महाराज के बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम में सह क्षेत्र प्रचारक प्रेमशंकर सिदार विभाग प्रचारक डॉ. राजकुमार भारद्वाज, विभाग संघचालक विजय शंकर पटनायक, जिला संघचालक डॉ. प्रकाश मिश्रा, संपर्क प्रमुख चक्रधर पटेल, सद्भाव प्रमुख पवन चौहान सहित अन्य स्वयंसेवकों ने भाग लिया। पदाधिकारियों ने गुरु तेग बहादुर जी के अद्वितीय त्याग, साहस और धर्म की रक्षा के लिए किए गए सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना की। गुरु तेग बहादुर जी ने अपने जीवनभर मानवता, धार्मिक स्वतंत्रता और सत्य की रक्षा के लिए संघर्ष किया। कश्मीरी पंडितों के धर्म और अस्तित्व की रक्षा हेतु उन्होंने जो आत्मबलिदान दिया, उसे विश्व इतिहास में अद्वितीय और अनुपम माना जाता है। उनकी शहादत के 350 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गुरु साहिब का जीवन आज भी समाज को सत्य के मार्ग पर डटे रहने, अत्याचार के विरोध में खड़े होने और हर धर्म के सम्मान के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम का समापन अरदास और प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित जनों ने गुरु महाराज के सार्वभौमिक संदेश मानवता, धार्मिक स्वतंत्रता और सत्य के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष का संकल्प दोहराया।

You may also like